पंजाब पुलिस बग्गा को दिल्ली से गिरफ्तार कर ले जा रही थी पंजाब, रास्ते में हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र में रोका
बग्गा के परिजनों ने दिल्ली में कराया पंजाब पुलिस के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज
भाजपा युवा मोर्चा ने बग्गा की गिरफ्तारी के विरोध में थाना सदर के बाहर खोला मोर्चा
कई घंटे तक तीन राज्यों की पुलिस के बीच चली गुफ्तगू, उसके बाद दिल्ली पुलिस बग्गा को पंजाब पुलिस से छुड़ाकर ले गई दिल्ली
कुरुक्षेत्र, 6 मई । भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव तेजिंदर पाल सिंह बग्गा की पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तारी को लेकर शुक्रवार को हाई वोल्टेज ड्रामा रहा। इस मामले को लेकर तीन राज्यों दिल्ली, पंजाब व हरियाणा की पुलिस आमने सामने आ गई। वही तजिंदर पाल बग्गा की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा युवा मोर्चा ने पंजाब पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और थाना सदर का घेराव कर पंजाब पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। थाना सदर पिपली मे अंबाला के एसपी जशनदीप सिंह रंधावा, करनाल के एसपी गंगाराम पूनिया, कुरुक्षेत्र की एसपी डा. अंशु सिंगला, मोहाली के एसपी मनप्रीत सिंह व दिल्ली के डीसीपी समीर शर्मा मौजूद रहे। थाना सदर के अंदर तीनों राज्यों की पुलिस लगभग 5 घंटे तक रही। इस दौरान दिल्ली पुलिस तजिंदर पाल सिंह बग्गा को अपने साथ लेकर दिल्ली चली गई। पंजाब पुलिस के हाथ खाली के खाली रह गए।
बता दें कि मोहाली में तेजिंदर सिंह बग्गा के खिलाफ केस दर्ज में पंजाब पुलिस ने बग्गा को दिल्ली में शुक्रवार को तड़के गिरफ्तार किया था। बग्गा के परिजनों ने आरोप लगाया था कि पंजाब पुलिस ने बग्गा को गिरफ्तार नहीं किया बल्कि अपहरण करके ले गई है। इसकी शिकायत बग्गा के परिजनों ने दिल्ली पुलिस को दी थी और दिल्ली पुलिस ने इस मामले में पंजाब पुलिस के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया था। वहीं दूसरी ओर जब पंजाब पुलिस तजिंदर पाल बग्गा को लेकर पंजाब जा रही थी तो कुरूक्षेत्र में पहुंचने पर उसे खानपुर पुलिया के समीप हरियाणा पुलिस ने रोक लिया । वहां से पुलिस तजिंदर पाल सिंह बग्गा को लेकर थाना सदर में ले आई।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी
जैसे ही भाजपा युवा मोर्चा को तेजेंद्र पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी की खबर लगी। उसके बाद भाजपा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी व भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रूबल शर्मा की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाना सदर के बाहर पंजाब पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मामला हाई वोल्टेज हो गया। और थाना सदर का घेराव कर पंजाब पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान दिल्ली पुलिस भी थाना सदर पहुंच गई। कई घंटे तक तीनों राज्यों की पुलिस के बीच गुफ्तगू होती रही। इसके बाद दिल्ली पुलिस तजिंदर पाल सिंह बग्गा को दिल्ली लेकर चली गई । वहीं दूसरी ओर इस मामले को लेकर राजनीति के गलियारों में दिन भर खूब चर्चा रही। भाजपा का आरोप था की दिल्ली पंजाब पुलिस ने तजिंदर पाल सिंह बग्गा को अवैध रूप से गिरफ्तार किया गया है।
बग्गा को मोहाली ले जा रही पंजाब पुलिस
बता दें कि तेजिंदर सिंह बग्गा को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बोलने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पंजाब पुलिस बग्गा को मोहाली ले जा रही थी। बग्गा के खिलाफ मोहाली में मामला दर्ज है।

बग्गा को 5 बार नोटिस भेजा गया : एसपी मनप्रीत सिंह
मोहाली के एसपी मनप्रीत सिंह का कहना है की बग्गा के खिलाफ 1 अप्रैल को आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। उसी के तहत उसकी गिरफ्तारी की गई है। गिरफ्तारी से पहले पूरे मामले की वीडियोग्राफी करवाई गई। कोई भी नियम ताक पर नहीं रखा गया है। मनप्रीत सिंह ने बताया कि बग्गा को 5 बार नोटिस भेजा गया था। उन्होंने किसी भी नोटिस का जवाब नहीं दिया। उन्होंने बग्गा की गिरफ्तारी वैध तरीके से की है।

Author: Jarnail
Jarnail Singh 9138203233 editor.gajabharyananews@gmail.com