भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने स्व. चौधरी फूलचंद मुलाना को दी श्रद्धांजलि
சாதன ஆடியோ
मुलाना/अंबाला । पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने स्व. चौधरी फूलचंद मुलाना के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अंबाला पहुंचकर दिवंगत आत्मा को अंतिम विदाई दी और परिजनों से मिलकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस मौके पर हुड्डा ने कहा कि पूर्व मंत्री और हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चौ. फूलचंद मुलाना का यूं चले जाना बेहद पीड़ादायक है।

मुलाना जी केवल एक कुशल संगठनकर्ता और अनुभवी प्रशासक ही नहीं, बल्कि बेहद मिलनसार, सरल और जिंदादिल इंसान थे। प्रदेश की तरक्की और संगठन की मजबूती में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। सरल स्वभाव के धनी मुलाना जी की कमी हमेशा खलेगी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति दे।
इसके बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा को एक फुल टाइम मुख्यमंत्री की आवश्यकता है। क्योंकि प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री हरियाणा से ज्यादा पंजाब में रहते हैं और वहां जाकर हवा-हवाई वादे करते रहते हैं। मुख्यमंत्री पंजाब में 500 का सिलेंडर देने का वादा कर रहे हैं। जबकि हरियाणा में उन्होंने अपना ऐसा कोई वादा नहीं निभाया।
मुख्यमंत्री पंजाब में किसानों का एमएसपी देने का वादा करते हैं, जबकि हरियाणा के किसान एमएसपी के लिए तरस रहे हैं। आज गन्ना किसान फसल का उचित मूल्य पाने के लिए आंदोलनरत हैं। लेकिन बीजेपी सरकार उनकी सुनवाई तक नहीं कर रही।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जिस तरह बीजेपी कौशल रोजगार निगम के तहत कच्चे कर्मचारी भर्ती कर रही है, यानी जिनकी नौकरी का कोई भरोसा नहीं होता, उसी तरह बीजेपी ने हरियाणा के लिए एक कच्चे मुख्यमंत्री को नियुक्त किया है।
Dr. Jarnail Singh CHIEF EDITOR
Chief Editor - GajabHaryana
धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र, हरियाणा और राष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी प्रामाणिक पत्रकारिता।