KURUKSHETRA
PUBLISHED:
सीएम नायब सिंह सैनी के हलके की Pipli अनाज मंडी से कटा प्रदेश का पहला गेटपास,
[Haryana Regional] पिपली मंडी में 1509 किस्म को मिला 4190 तक का बंपर भाव,प्रदर्शन के बाद मंडियों में लौटी रौनकपिपली । किसानों के हालिया रोष और प्रदर्शन के बाद आखिरकार मंडियों में ...
Haryana News Bureau:
पिपली मंडी में 1509 किस्म को मिला 4190 तक का बंपर भाव,
प्रदर्शन के बाद मंडियों में लौटी रौनक
पिपली । किसानों के हालिया रोष और प्रदर्शन के बाद आखिरकार मंडियों में धान की सरकारी आवक और खरीद का पहिया घूम गया है। प्रदेश में इस बार धान खरीद का पहला गेटपास हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के लाडवा विधानसभा क्षेत्र स्थित पिपली अनाज मंडी से जारी हुआ। यह पहला गेटपास शनिवार को 75 क्विंटल धान लेकर मंडी पहुंचे किसान राजेंद्र कुमार के नाम काटा गया। मंडी में खरीद शुरू होते ही रौनक लौट आई है।
धान खरीद में फर्जीवाड़े की आशंका को खत्म करने और वास्तविक किसानों को लाभ दिलाने के लिए प्रशासन ने पूरी चौकसी बरती है। इसके तहत चार विशेष टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में एक सरकारी प्रशासनिक अधिकारी और मार्केट कमेटी का प्रतिनिधि शामिल है। खरीद से पहले संबंधित जमींदार (किसान) और आढ़ती की मौके पर फोटो लेकर भौतिक सत्यापन (वेरिफिकेशन) किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, पहले ही दिन 360 किसानों की फसल का सफलतापूर्वक सत्यापन कर लिया गया।
1509 किस्म के दाम देख किसानों के खिले चेहरे
मंडी में धान की 1509 किस्म को लेकर इस बार शुरुआत से ही किसानों को बेहतरीन भाव मिल रहे हैं। पिछले वर्ष इस किस्म का भाव 3500 से 4200 रुपये प्रति क्विंटल के बीच रहा था, जबकि इस बार शुरुआती दौर में ही यह 3750 से 4190 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका है। उपज का वाजिब और आकर्षक दाम मिलने से किसानों के साथ-साथ आढ़ती वर्ग भी उत्साहित है। आढ़तियों का कहना है कि यदि दामों का यह रुख बरकरार रहा, तो आने वाले सीजन में 1509 किस्म की बुआई का रकबा काफी बढ़ सकता है।
मंडी में बिजली, पानी और सफाई के पुख्ता बंदोबस्त: धर्मपाल मथाना
मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रदेश सह-सचिव व जिला महासचिव धर्मपाल मथाना ने बताया कि किसानों और आढ़तियों की सुविधा के लिए मंडी परिसर में साफ-सफाई, निर्बाध बिजली, स्वच्छ पेयजल और शौचालयों के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने में पिपली मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान जोगिंदर सिंह रामगढ़ और उनकी पूरी टीम मार्केट कमेटी के साथ तालमेल बनाकर काम कर रही है।
किसानों को नहीं आने दी जाएगी परेशानी: गुरमीत सैनी
मार्केट कमेटी के सचिव गुरमीत सैनी ने बताया कि रिकॉर्ड के अनुसार मंडी में अब तक 23 हजार क्विंटल धान पहुंच चुका है। आवक, तौल और उठान का कार्य पूरी तरह सुचारू ढंग से चल रहा है। प्रशासन का पूरा प्रयास है कि अपनी फसल लेकर मंडी पहुंचने वाले किसी भी किसान को कोई असुविधा न हो।
इस मौके पर मंडी प्रधान जोगिंदर सिंह रामगढ़, सचिव अंकुश गर्ग, पवन मदान, अजय सिंगला, सतबीर नैन, सुधीर नरूला, जगदीश, विनोद कुमार, भरत सिंह और पाल राम समेत कई प्रमुख आढ़ती व किसान मौजूद रहे।
Dr. Jarnail Singh CHIEF EDITOR
Chief Editor - GajabHaryana
धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र, हरियाणा और राष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी प्रामाणिक पत्रकारिता।