कानपुर में निराकारी जागृति मिशन के स्थापना दिवस पर दो दिवसीय विशाल संत सम्मेलन भव्यता के साथ संपन्न
ऑन-डिवाइस स्पीच
कानपुर,(उत्तर प्रदेश) । निराकारी जागृति मिशन के स्थापना दिवस के पावन उपलक्ष्य में पूजनीय प्रमुख महात्मा एम. लाल की रहनुमाई में आयोजित दो दिवसीय विशाल संत सम्मेलन का भव्य और आध्यात्मिक समापन हुआ। इस पावन अवसर पर हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में संत-महापुरुषों और श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे निराकारी जागृति मिशन के गद्दीनशीन चेयरमैन, संत संवारनाथ चैरिटेबल ट्रस्ट बाहरी (कुरुक्षेत्र) के चेयरमैन, ऑल इंडिया आदि धर्म मिशन श्री चरण छो गंगा (अमृतकुंड) खुरालगढ़ संत समाज के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष, अघोर सिद्धनाथ अखाड़ा वृंदावन और संत सुरक्षा मिशन भारत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, परमश्रद्धेय संत शिरोमणी, दिव्य ज्ञान रत्न, गायत्री पुरस्कार से विभूषित, सतगुरु कबीर साहेब और शिरोमणी सतगुरु रविदास रत्न से अलंकृत एवं दैनिक गजब हरियाणा के मार्गदर्शक श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर एडवोकेट सतगुरु स्वामी ज्ञान नाथ जी महाराज का पंडाल में पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने माल्यार्पण और पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन ज्ञान ज्योति सरस्वती ने अत्यंत कुशलतापूर्वक किया।
शब्द ही ब्रह्म है और इसकी साधना ही सर्वश्रेष्ठ बंदगी: दिव्य ज्ञान रत्न

उपस्थित विशाल जनसमूह और साध संगत को आध्यात्मिक ज्ञान का उपदेश देते हुए महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञान नाथ जी महाराज ने कहा कि परमात्मा एक शब्द है और शब्द ही ब्रह्म है। चेतन आकाश ही शब्द ब्रह्म है, जिसकी साधना करना ही सर्वश्रेष्ठ साधना है। उन्होंने समझाया कि अखिल ब्रह्मांड में जड़ और चेतन इसी शब्द का विस्तार हैं, जो सृष्टि के कण-कण में रसा-बसा है। यह दिव्य शब्द चहुंओर सुरीली व मनमोहक ईश्वरीय आवाज के रूप में गूंज रहा है और परम प्रकाश से प्रकाशमय है। उपयुक्त स्थान पर एकाग्रचित होकर ध्यान में बैठकर इस अलौकिक शब्द को सुनना ही असली भजन और सच्ची बंदगी है।
द्वंद से परे है आत्मिक आनंद, स्वयं की खोज ही वास्तविक बोध: स्वामी ज्ञाननाथ जी

अध्यात्म की गूढ़ता समझाते हुए स्वामी जी ने कहा कि अध्यात्म केवल पढ़ने-सुनने का नहीं, बल्कि समझने और स्वयं से जुड़ने का विषय है। यह सृष्टि द्वंदात्मक है और यह सोलह आने सच है कि जहां 'दो' का भाव है, वहां द्वंद है और जहां द्वंद है, वहां आत्मिक आनंद की प्राप्ति संभव नहीं।
संत शिरोमणी दिव्य ज्ञान रत्न स्वामी जी ने 'नाम तत्व' की महत्ता बताते हुए कहा कि नाम तत्व एक ऐसा पासपोर्ट है, जो मृत्यु के बाद भी काम आता है। इसलिए मनुष्य को अंतर्मुखी होकर परम मौन और परम शून्य में रमण करना चाहिए। अक्षय आत्मिक आनंद और मोक्ष-मुक्ति का अधिकारी बनने के लिए चंचल मन के विकारों और नकारात्मक विचारों को त्याग कर अनहद नाद, नूर और निराकार के प्रति जागृत होना आवश्यक है। उन्होंने श्रद्धालुओं का आह्वान किया कि वे इधर-उधर से उधार ली गई जानकारियों या सुनी-सुनाई बातों तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं के द्वारा, स्वयं के अंदर, स्वयं की खोज करें। जब साधक स्वतंत्र होकर अपने आप में ठहर जाता है, तभी वास्तविकता का ज्ञान, ध्यान और बोध होता है।
परमात्मा सर्वव्यापी परम चैतन्य शक्ति है: संत शिरोमणि

योग की व्याख्या करते हुए महाराज जी ने कहा कि योग श्वास, प्राण और चेतना को एकाकार करने का सबसे सहज और सटीक साधन है, जो साधक को जीवन के मूल स्रोत और अध्यात्म के सार से जोड़ता है। निरंतर प्रयास और अनहद नाद सुनने के अभ्यास से दृश्य और द्रष्टा, ज्ञान, ज्ञाता और ज्ञेय, साकार और निराकार तथा 'मैं और तू' का भेद मिटकर सब कुछ एकरूप (अभेद) हो जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परमात्मा कोई व्यक्ति विशेष नहीं, बल्कि एक सर्वव्यापी परम चैतन्य शक्ति है, जो साकार भी है और निराकार भी। उसका न कोई आदि है, न मध्य और न ही अंत। वह हर काल और हर परिस्थिति में अडिग, अडोल, अचल और एकरस रहते हुए सभी दृश्यों का द्रष्टा है और सब कुछ करने में समर्थ है।

सम्मेलन के दौरान पधारे अन्य संत-महापुरुषों ने भी अपनी ओजस्वी गुरुवाणी और आध्यात्मिक भजनों से दूर-दराज से आई साध संगत को निहाल किया। कार्यक्रम के समापन पर अनेक जिज्ञासुओं को गुरुमंत्र व ज्ञान दीक्षा प्रदान की गई। अंत में सतगुरु का अटूट भंडारा बरताया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
Dr. Jarnail Singh CHIEF EDITOR
Chief Editor - GajabHaryana
धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र, हरियाणा और राष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी प्रामाणिक पत्रकारिता।