संविधान दिवस पर हरियाणा विधानसभा में आयोजित हुआ संविधान को समर्पित विशेष कार्यक्रम
ऑन-डिवाइस स्पीच
चंडीगढ़ । संविधान दिवस के अवसर पर आज हरियाणा विधानसभा में संविधान पखवाड़ा के अंतर्गत संविधान को समर्पित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण सहित नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा, डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, मंत्रीगण,विधायकगण तथा पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. दिनेश कुमार उपस्थित रहे।
विधानसभा के सेरेमोनियल गेट के निकट लाइब्रेरी परिसर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं भारतीय संविधान को पुष्प अर्पित कर नमन करने के साथ हुई। इसके उपरांत विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंद्र कल्याण ने मुख्यमंत्री एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में संविधान के महत्व, उसकी मूल भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई।

कार्यक्रम का मुख्य विषय हरियाणा की 60 वर्षों की गौरवमयी विकास यात्रा तथा विकसित हरियाणा के लक्ष्य की प्राप्ति में जनभागीदारी एवं नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका रहा।
कार्यक्रम के समापन पर विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंद्र कल्याण ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया, जिसे मुख्यमंत्री सहित उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों ने दोहराया। इस अवसर पर संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई।
मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी जनप्रतिनिधियों का दायित्व : प्रो. डॉ. दिनेश कुमार
पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. दिनेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान एक जीवंत दस्तावेज है, जो समय के साथ देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक मूल्यों को दिशा देता है। जनप्रतिनिधियों ने पिछले वर्षों में आम नागरिकों को मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब आवश्यकता है कि नागरिकों को उनके मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना, हिंसा को बढ़ावा न देना, देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा करना तथा पर्यावरण, वन एवं वन्यजीवों का संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक दायित्व है। नीतियों और विचारों का विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर देश की एकता और अखंडता के विरुद्ध गतिविधियां उचित नहीं हैं। उन्होंने मानवता, भाईचारे और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि भारत की विविधता उसकी ताकत है। धर्म, भाषा, क्षेत्र और अन्य भिन्नताओं के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। जनप्रतिनिधियों को इन संवैधानिक मूल्यों और कर्तव्यों के प्रति आमजन को निरंतर जागरूक करना चाहिए।
Dr. Jarnail Singh CHIEF EDITOR
Chief Editor - GajabHaryana
धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र, हरियाणा और राष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी प्रामाणिक पत्रकारिता।