सोनालिका ट्रैक्टर फैक्ट्री में तेंदुए के घुसने से फैली सनसनी
ऑन-डिवाइस स्पीच
होशियारपुर । होशियारपुर-जालंधर रोड पर स्थित देश की प्रसिद्ध ट्रैक्टर निर्माता कंपनी सोनालिका इंटरनेशनल के फैक्ट्री परिसर में एक खतरनाक जंगली जानवर तेंदुए के दिखाई देने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री परिसर में घुसे तेंदुए को वन विभाग की टीम ने लगभग 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित पकड़ने में सफलता हासिल की। तेंदुए के फैक्ट्री में घुसने की खबर फैलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, इस घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कंपनी प्रबंधन ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए फैक्ट्री में काम कर रहे सभी वर्करों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया तथा एहतियात के तौर पर प्लांट की शिफ्ट बंद कर दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की घेराबंदी कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट अतुल शर्मा ने बताया कि प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरों में जब तेंदुए की हलचल दिखाई दी तो स्टाफ तुरंत हरकत में आ गया। सबसे पहले मेंटेनेंस स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तुरंत इसकी सूचना वन्यजीव संरक्षण विभाग को दी गई।

इसके बाद डीएफओ वाइल्ड लाइफ दविंदर पाल सिंह के नेतृत्व में रेंज अधिकारी विक्रमजीत सिंह, हरजिंदर सिंह, चरणजीत सिंह, रवि कुमार, रमनप्रीत कौर और अन्य कर्मचारियों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में सामाजिक संगठन वायरलैस सेकेंड इनिंग के कार्यकर्ताओं ने भी सहयोग दिया।
लगभग 12 घंटे की लगातार मेहनत के बाद आज दोपहर 12 बजे तेंदुए को सुरक्षित और जीवित पकड़ लिया गया। इसके बाद कंपनी प्रबंधन, कर्मचारियों और इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग के अधिकारी विक्रमजीत सिंह ने बताया कि तेंदुआ बीती रात से ही फैक्ट्री परिसर में छिपा हुआ था। फैक्ट्री में भारी मशीनरी और बड़ी मात्रा में सामान होने के कारण उसकी सही लोकेशन का पता लगाने तथा उसे बेहोश कर सुरक्षित पकड़ने में टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आखिरकार लगातार प्रयासों के बाद उसे सुरक्षित पिंजरे में बंद कर लिया गया।
वन्यजीव विभाग के अनुसार, लगभग ढाई वर्ष की उम्र का यह नर तेंदुआ पूरे घटनाक्रम के दौरान किसी के लिए नुकसान का कारण नहीं बना। फैक्ट्री के सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और किसी प्रकार के जानी-माली नुकसान की सूचना नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए का पशुपालन विभाग से मेडिकल चेकअप करवाया जाएगा। इसके बाद ही निर्णय लिया जाएगा कि उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाए या छतबीड़ चिड़ियाघर भेजा जाए। उल्लेखनीय है कि सर्दियों के मौसम में जंगली जानवर अक्सर साथ लगते हिमाचल प्रदेश के जंगलों से मैदानी इलाकों की ओर रुख कर लेते हैं।
Dr. Jarnail Singh CHIEF EDITOR
Chief Editor - GajabHaryana
धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र, हरियाणा और राष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी प्रामाणिक पत्रकारिता।