निसिंग में राइस मिलों के बाहर ट्रकों का जमावड़ा, चंद सेकेंड में लग जाता है जाम
ऑन-डिवाइस स्पीच
निसिंग । क्षेत्र की राइस मिलों के बाहर सड़क पर खड़े ट्रक राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। राइस मिलों के सामने ट्रक चालक इस तरह अपने वाहन खड़े कर देते हैं कि कुछ ही सेकेंड में सड़क पर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। सड़क पर ट्रकों की लंबी कतारों के बीच कार, बाइक और अन्य वाहन चालकों को निकलने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ती है।
तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क पर ट्रकों के साथ कारों और दोपहिया वाहनों की कतार लगी हुई है। कई जगह वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह तक नहीं मिल रही। राइस मिलों के बाहर ट्रक चालकों ने मानो सड़क को ही पार्किंग स्थल बना लिया हो।राहगीर कृष्ण कुमार, सतीश कुमार, संदीप और साहिल ने बताया कि यह समस्या कोई एक दिन की नहीं, बल्कि हर रोज का काम बन चुकी है। राइस मिलों के बाहर ट्रक खड़े होने से यातायात बाधित होता है और लोगों को जाम में फंसकर समय बर्बाद करना पड़ता है। राहगीरों का कहना है कि इन ट्रकों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही।
धुंध के मौसम से पहले चेतावनी-
राहगीरों ने चिंता जताते हुए कहा कि अगले महीने धुंध का मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में यदि सड़क पर इसी तरह ट्रक खड़े रहे तो दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ सकता है। धुंध में सामने खड़े ट्रक दिखाई न देने से वाहन चालक हादसे का शिकार हो सकते हैं।
लोगों ने सवाल उठाया कि जब सड़क पर यातायात बाधित हो रहा है और हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है, तो पुलिस प्रशासन आखिर कार्रवाई का इंतजार क्यों कर रहा है, क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही सड़क को ट्रकों से मुक्त करवाया जाएगा।
राहगीरों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि राइस मिलों के बाहर सड़क पर अवैध रूप से खड़े ट्रकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और ट्रकों के लिए रागस मिलों के अंदर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।
Dr. Jarnail Singh CHIEF EDITOR
Chief Editor - GajabHaryana
धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र, हरियाणा और राष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी प्रामाणिक पत्रकारिता।