स्क्रीन पर अंतिम संस्कार, मरती संवेदनाएं
English Edition:
पानीपत की राधा स्वामी कॉलोनी से आई एक खबर ने पूरे समाज के विवेक को झकझोर कर रख दिया है। 65 वर्षीय सुशील कुमार सिंह का सीने में दर्द के बाद निधन हो गया। मध्य प्रदेश के सिंगरौली से आकर पानीपत रिफाइनरी में काम करने वाले इस बुजुर्ग पिता ने अपना पूरा जीवन अपनी पांच बेटियों के पालन-पोषण और उनके भविष्य को संवारने में खपा दिया था। विडंबना की पराकाष्ठा देखिए कि जब उनकी सांसों की डोर टूटी, तो उस देह को कंधा देने के लिए उनके अपने खून का एक भी वारिस सामने नहीं आया। पांचों बेटियों और दामादों ने दूरी और व्यस्तता का बहाना बनाकर आने से साफ इनकार कर दिया। अंतिम दर्शन एक मोबाइल की ठंडी स्क्रीन पर वीडियो कॉल के जरिए निपटा दिए गए और चिता को मुखाग्नि देने का जिम्मा सामाजिक संस्था जनसेवा दल को उठाना पड़ा।
यह कोई अकेली घटना नहीं है। ठीक चार महीने पहले सोनीपत के एक वृद्धाश्रम से ऐसा ही रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर सामने आया था। महाराष्ट्र के कभी बड़े कपड़ा व्यापारी रहे 74 वर्षीय शिवचरण रामरतन गुप्ता की मौत के बाद उनकी तीनों बेटियां अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुईं। वृद्धाश्रम के लोगों और स्थानीय समुदाय ने उनका दाह-संस्कार किया, जबकि बेटियां स्क्रीन पर वीडियो कॉल के जरिए चिता जलती देखती रहीं।
जिस देश की पहचान दुनिया भर में अध्यात्म, धर्म और अटूट पारिवारिक बंधनों से रही है, वहां यह कैसी सामाजिक महामारी पैर पसार रही है? जिस सनातन संस्कृति में मातृदेवो भव, पितृदेवो भव का मंत्र गूंजता था, जहां श्रवण कुमार की गाथाएं पीढ़ियों को कर्तव्य और सेवा का पाठ पढ़ाती थीं, क्या उसी देश के लोग आज संस्कारों से इतने खोखले हो चुके हैं? जीवन भर अपनी खुशियों की बलि देकर बच्चों को पैरों पर खड़ा करने वाले पिताओं के संघर्ष का मोल आज सिर्फ एक वीडियो कॉल रह गया है।
इंसान खुद को इस सृष्टि का सबसे बुद्धिमान और संवेदनशील प्राणी मानता है, लेकिन आज के हालात हमें पशु-पक्षियों के आचरण के आगे शर्मसार करते हैं। जब किसी कौवे की मौत होती है, तो पूरा झुंड मुंडेर पर इकट्ठा होकर शोक मनाता है। जंगल में किसी हाथी की जान जाती है, तो पूरा दल उस मृत देह के इर्द-गिर्द खामोश खड़ा हो जाता है। न उनके पास शब्द हैं, न भाषा, न ही कोई धार्मिक ग्रंथ या कानून; फिर भी वे अपने समूह और रिश्तों की मर्यादा निभाना जानते हैं। इसके उलट, मनुष्य जो ज्ञान, तकनीक, धर्म और तरक्की की डींगें हांकता है, अपनों की अंतिम विदाई को भी अपनी सुविधा और किलोमीटर की दूरी के तराजू पर तौलने लगा है। क्या हम संवेदना के मामले में बेजुबान जानवरों से भी गए-गुजरे हो चुके हैं?
यह आधुनिकता नहीं, बल्कि हमारे नैतिक और आत्मिक पतन की पराकाष्ठा है। अगर शिक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता और तकनीकी तरक्की हमें माता-पिता की चिता को कंधा देने तक से विमुख कर रही है, तो यह विकास नहीं, बल्कि सभ्यता का सबसे भयानक अंधकार है।
यह समाज के हर उस इंसान के लिए एक गंभीर चेतावनी है जो आज अपने बुजुर्गों को बोझ समझकर उनसे किनारा कर रहा है। समय का चक्र कभी थमता नहीं है। आज जो औलादें अपने जन्मदाताओं को एक स्क्रीन पर समेटकर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर रही हैं, उन्हें याद रखना होगा कि यही पाठ उनके अपने बच्चे भी पढ़ रहे हैं। जब संवेदनहीनता का यह दायरा उनके अपने घर तक पहुंचेगा, तब शायद उन्हें अहसास होगा कि जिस आधुनिकता और बेरुखी को उन्होंने अपनाया था, उसने समाज से इंसानी रूह ही छीन ली। सुशील कुमार और शिवचरण गुप्ता की चिताओं की लपटों में सिर्फ दो देह नहीं जलीं, बल्कि हमारे उन तमाम पारिवारिक और मानवीय मूल्यों की बची-खुची मर्यादाएं भी भस्म हो गईं जिन पर कभी यह मुल्क गर्व करता था।
Dr. Jarnail Singh CHIEF EDITOR
Chief Editor - GajabHaryana
धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र, हरियाणा और राष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी प्रामाणिक पत्रकारिता।