HARYANA
PUBLISHED:
[ਪੰਜਾਬੀ ਸੰਸਕਰਣ] टोल प्लाज़ा पर गुंडई का नंगा नाच: बीटेक छात्र पर ईंट-रॉड से जानलेवा हमला, हालत गंभीर, पीजीआई चंडीगढ़ रेफर
ਹਰਿਆਣਾ ਮੁੱਖ ਖ਼ਬਰ: करनाल । नेशनल हाईवे 709A (NH-709A) पर स्थित प्योंत (करनाल–असंध) टोल प्लाज़ा पर बीती रात दबंगई और कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने का एक खौफनाक ...
करनाल । नेशनल हाईवे 709A (NH-709A) पर स्थित प्योंत (करनाल–असंध) टोल प्लाज़ा पर बीती रात दबंगई और कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने का एक खौफनाक मामला सामने आया है। टोल प्लाज़ा पर तैनात करीब 10 कर्मचारियों ने मामूली कहासुनी के बाद एक निहत्थे बीटेक छात्र को घेरकर ईंटों, डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। छात्र को मरणासन्न हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। लहूलुहान हालत में पीड़ित को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
घटना 26 मई 2026 की रात करीब 9:00 बजे की है। उपलना गांव निवासी बीटेक छात्र योगराज अपने साथी अशोक (निवासी कत्लाहेड़ी) के साथ गाड़ी से जा रहा था। गाड़ी अशोक चला रहे थे। चूंकि कत्लाहेड़ी और प्योंत सहित कई स्थानीय गांव ''टोल फ्री'' (एक्सेम्प्टेड) श्रेणी में आते हैं, इसलिए गाड़ी को बिना टोल के निकलने की पात्रता थी। आरोप है कि टोल पर तैनात बिना वर्दी और बिना नेम प्लेट के खड़े युवकों ने महज 10 सेकंड के भीतर क्रॉसिंग को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। टोल कर्मी अचानक हिंसक हो गए और हथियारों से लैस होकर गाड़ी पर टूट पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 10 टोल कर्मियों ने छात्र योगराज को चारों तरफ से घेर लिया। उसे जमीन पर गिराकर ईंटों, सरियों, थप्पड़ों और मुक्कों से लगातार तब तक पीटा गया, जब तक वह पूरी तरह लहूलुहान होकर अचेत नहीं हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों और भीड़ ने अपनी जान जोखिम में डालकर किसी तरह बीच-बचाव किया और छात्र की जान बचाई। घटना के सामने आए सीसीटीवी (CCTV) फुटेज में भी साफ देखा जा सकता है कि कैसे करीब 10 टोल कर्मचारी लाठी-डंडे लेकर पीड़ित की गाड़ी की तरफ हिंसक रूप से दौड़ रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही ''डायल 1012'' की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस बीच गुस्साई भीड़ ने मौके से भाग रहे दो टोल कर्मियों को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि मुख्य आरोपियों सहित अन्य कर्मचारी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। घायल योगराज को तुरंत करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसकी गहरी चोटों और गंभीर हालत को देखते हुए देर रात ही उसे पीजीआई चंडीगढ़ (PGI Chandigarh) रेफर कर दिया।
इस जानलेवा हमले ने टोल प्लाज़ा की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी की पोल खोलकर रख दी है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमला करने वाले कई कर्मचारी बिना वर्दी और बिना नेम प्लेट के ड्यूटी कर रहे थे, जिससे उनकी पहचान तक स्पष्ट नहीं हो पा रही थी। लोगों का कहना है कि नियमों के अनुसार वर्दी और पहचान पत्र अनिवार्य होने के बावजूद कर्मचारियों ने इन्हें नहीं पहना था, जो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
घटना के बाद प्योंत, कत्लाहेड़ी और गुल्लरपुर समेत कई नजदीकी गांवों के लोगों में भारी रोष है और क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इस टोल प्लाज़ा पर आए दिन राहगीरों से अभद्र व्यवहार और दबंगई की शिकायतें मिलती हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण इन कर्मचारियों के हौसले बुलंद हैं।
पीड़ित परिवार और स्थानीय नागरिकों ने National Highways Authority of India (NHAI), जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि जानलेवा हमला करने वाले सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और टोल प्लाज़ा पर गुंडागर्दी को बढ़ावा देने वाली संबंधित कंपनी का टेंडर तत्काल रद्द किया जाए। इसके साथ ही लोगों ने मांग की है कि टोल प्लाज़ा पर तैनात सभी कर्मचारियों की पहचान सार्वजनिक की जाए तथा बिना वर्दी ड्यूटी करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई हो। पुलिस फिलहाल मामले की जांच और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Dr. Jarnail Singh CHIEF EDITOR
Chief Editor - GajabHaryana
धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र, हरियाणा और राष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी प्रामाणिक पत्रकारिता।