संतों के सानिध्य और सर्व समाज की एकता से ही राष्ट्र सशक्त होगा: कैलाश गुरु जी
ऑन-डिवाइस स्पीच
कुरुक्षेत्र । वीरवार को पिपली स्थित पैराकीट मोटल में सामाजिक एवं धार्मिक विषयों पर विचार-विमर्श के लिए एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में बागेश्वरी धाम से कैलाश गुरु जी और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता डीपी कौशिक ने मुख्य रूप से शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान समाज में आपसी भाईचारा बढ़ाने, सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करने और वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों पर गहन मंथन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए बागेश्वरी धाम के कैलाश गुरु जी ने कहा कि भारत को पुनः विश्व गुरु और हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए सर्व समाज में एकता और अखंडता कायम करना समय की सबसे बड़ी मांग है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह महान लक्ष्य केवल संतों और महापुरुषों के पावन सानिध्य तथा उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही संभव है। उन्होंने कहा कि संत समाज सदैव बिना किसी भेदभाव के - सर्वे भवन्तु सुखिनः की भावना से सभी के कल्याण की कामना करता है। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने धर्मनगरी की पावन धरा से जुड़े महर्षि बाबा मार्कण्डेय जी के गौरवशाली इतिहास और उनके तप पर भी विस्तार से प्रकाश डाला, जिसे उपस्थित लोगों ने अत्यंत श्रद्धापूर्वक सुना।
इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता डीपी कौशिक ने सामाजिक समरसता पर अपने विचार रखते हुए कहा कि हमारा समाज विभिन्न रंगों के मोतियों से पिरोई गई एक सुंदर माला की तरह है। जिस प्रकार अलग-अलग मोती एक ही धागे में पिरोए जाने पर एक पूर्ण और आकर्षक माला का रूप लेते हैं, ठीक उसी प्रकार सभी वर्गों और समुदायों के आपसी सहयोग व मेलजोल से ही एक सशक्त समाज का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और समाज की प्रगति में हर वर्ग का अपना विशेष महत्व और योगदान है, इसलिए हमें आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुट रहना चाहिए।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर सुरेंद्र जांगड़ा, संजय यादव, मनीष जैन, सुखबीर सिंह और संदीप कौशिक भाजपा समर्थक मंच उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रभारी सहित कई अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे।
Dr. Jarnail Singh CHIEF EDITOR
Chief Editor - GajabHaryana
धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र, हरियाणा और राष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी प्रामाणिक पत्रकारिता।