शनिवार, 28 नवंबर 2026
MARKETS
BSE Sensex: 83,339.26 -0.71%
NSE Nifty 50: 25,607.2 -0.82%
Gold 24K (10g): ₹1,09,665 +2.91%
Silver (1kg): ₹1,30,636 +7.80%
USD / INR: ₹92.98 +0.60%
Bitcoin (BTC): ₹55,68,923 +0.05%
Reliance (RIL): ₹1,382.6 -0.97%
TCS Ltd: ₹2,572.5 -2.57%
पेट्रोल (हरियाणा): ₹95.28 / ली.
डीजल (हरियाणा): ₹88.14 / ली.
कुरुक्षेत्र PUBLISHED:

पिपली बस स्टैंड से रॉन्ग साइड बसें दौड़ाने वालों के कटेंगे ऑनलाइन चालान, अवैध कटों पर दर्ज होगी एफआईआर

उपायुक्त (डीसी) विश्राम कुमार मीणा ने हरियाणा रोडवेज के जींद डिपो, सीटीयू और अन्य बसों के चालकों द्वारा नियम तोड़ने पर ऑनलाइन चालान काटने तथा विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, ऐसे वाहनों की निगरानी के लिए एनएचएआई को हाईवे पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
Dr. Jarnail Singh
Dr. Jarnail Singh EDITOR
Chief Editor - GajabHaryana
SHARE: W 𝕏 f
पिपली बस स्टैंड से रॉन्ग साइड बसें दौड़ाने वालों के कटेंगे ऑनलाइन चालान, अवैध कटों पर दर्ज होगी एफआईआर
चित्र साभार: गजब हरियाणा डिजिटल ब्यूरो

कुरुक्षेत्र । पिपली बस स्टैंड से रॉन्ग साइड नेशनल हाईवे पर बसें ले जाने वाले चालकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। उपायुक्त (डीसी) विश्राम कुमार मीणा ने हरियाणा रोडवेज के जींद डिपो, सीटीयू और अन्य बसों के चालकों द्वारा नियम तोड़ने पर ऑनलाइन चालान काटने तथा विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, ऐसे वाहनों की निगरानी के लिए एनएचएआई को हाईवे पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

डीसी शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित जिला रोड सेफ्टी कमेटी की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में पिहोवा एसडीएम डॉ. राहुल कनवारिया और आरटीए इंस्पेक्टर जोगिंद्र ढुल सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अवैध कट और हाईवे पार्किंग बनेगी एफआईआर का आधार

उपायुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि नेशनल हाईवे पर बने अवैध कटों और सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण होने वाले सड़क हादसों में संबंधित के खिलाफ सीधा एफआईआर दर्ज की जाएगी। अवैध कटों को बंद करवाने के लिए एनएचएआई टीम को पुलिस सहायता के साथ शाहाबाद के नायब तहसीलदार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पीडब्ल्यूडी एसडीओ को सहयोगी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा पिपली से दिल्ली की तरफ हाईवे किनारे खड़े होने वाले वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए एसडीएम थानेसर, एनएचएआई प्रतिनिधि और डीएसपी ट्रैफिक की एक संयुक्त कमेटी गठित की गई है। बैठक में आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय रोड, लोटस ग्रीन सिटी रोड, महिला पुलिस थाना रोड, अमीन रोड और सर्किट हाउस के नजदीक सड़कों का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

गीता महोत्सव से पहले बेसहारा पशुओं को गौशाला भेजने के निर्देश

ब्रह्मसरोवर पर आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के मद्देनजर डीसी ने पंचायती राज, नगर निकाय और पशुपालन विभाग को सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को तुरंत गौशालाओं में भेजने को कहा है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि इस कार्य में कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। साथ ही यदि कोई गौशाला पशुओं को रखने से मना करती है, तो उसकी भी रिपोर्ट बनाकर प्रशासन को भेजी जाए।

पीएम राहत योजना में प्रदेश में अव्वल रहा कुरुक्षेत्र

डीसी ने कहा कि पीएम राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायलों को अस्पताल की तरफ से डेढ़ लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज दिया जा रहा है, जिसके क्रियान्वयन में कुरुक्षेत्र जिला पूरे प्रदेश में सबसे बेहतर कार्य कर रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य व पुलिस विभाग को मिलकर अधिक से अधिक अस्पतालों को पैनल पर रजिस्टर्ड करवाने और नागरिकों को इस योजना के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। इसके अलावा हिट एंड रन के 15 मामलों में मुआवजा राशि जारी की जा चुकी है, जबकि लंबित 11 मामलों का जल्द समाधान करने के निर्देश संबंधित एसडीएम को दिए गए हैं।

इस वर्ष सड़क हादसों में 222 लोगों की मौत, यातायात नियम अपनाने की अपील

जिले में सड़क हादसों के आंकड़ों पर चिंता जताते हुए उपायुक्त ने बताया कि इस वर्ष अब तक 222 नागरिकों की जान जा चुकी है, जो बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष जनवरी में 23, फरवरी में 16, मार्च में 18, अप्रैल में 23, मई में 10, जून में 17, जुलाई में 20, अगस्त में 16, सितंबर में 37, अक्टूबर में 31 और नवंबर में अब तक 11 लोगों की सड़क हादसों में मौत हुई है।

Dr. Jarnail Singh

Dr. Jarnail Singh CHIEF EDITOR

Chief Editor - GajabHaryana

[email protected]

धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र, हरियाणा और राष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी प्रामाणिक पत्रकारिता।