संविधान अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी कराता है बोध: प्रीति
ऑन-डिवाइस स्पीच
यमुनानगर । उपायुक्त कार्यालय में वीरवार को भारत सरकार एवं हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त प्रीति ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लिए गीता, कुरान और बाइबल जैसी पवित्र पुस्तकों की तरह मार्गदर्शक है। संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि ऐसा जीवंत दस्तावेज है, जो हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक परिवार को अपने घर में अन्य पवित्र पुस्तकों के साथ संविधान की पुस्तक भी रखनी चाहिए और बच्चों को इसके महत्व, अधिकारों तथा कर्तव्यों की जानकारी देनी चाहिए। इससे आने वाली पीढ़ी बचपन से ही संवैधानिक मूल्यों को समझकर एक जिम्मेदार नागरिक बन सकेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की सबसे बड़ी विशेषता समानता का अधिकार है। उपायुक्त हो या आम नागरिक, अधिकारों के संरक्षण के मामले में संविधान सभी के लिए समान है। किसी भी व्यक्ति के अधिकारों का हनन होने पर संविधान उसे समान सुरक्षा प्रदान करता है। कार्यक्रम में संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया और उस दौरान आई चुनौतियों पर आधारित डॉक्यूमेंटरी भी दिखाई गई। इसके बाद उपायुक्त ने उपस्थित लोगों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया।
संविधान के महत्व और संशोधनों पर डाला प्रकाश:
कार्यक्रम में गुर्जर कन्या महाविद्यालय देवधर की डॉ. ममता शर्मा ने संविधान में उल्लेखित विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक भारतीय संविधान में 106 संशोधन किए जा चुके हैं। महाराजा अग्रसेन कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. वीरेंद्र सिंह ढिल्लों ने संविधान के इतिहास, वर्तमान में उसकी प्रासंगिकता और महत्व पर विचार रखे। राजकीय महाविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर मंगल सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान लोकतांत्रिक व्यवस्था का जीवंत दस्तावेज है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नागरिकों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करता है। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संविधान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था। वर्ष 2015 में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया था। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, नगराधीश पीयूष गुप्ता, डीएसपी कमलजीत सिंह, डीडीपीओ नरेंद्र सिंह, डिप्टी सीईओ जसविंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Dr. Jarnail Singh CHIEF EDITOR
Chief Editor - GajabHaryana
धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र, हरियाणा और राष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी प्रामाणिक पत्रकारिता।